राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। मानसून की विदाई के साथ ही बीकानेर में डेंगू के मरीजों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। बीकानेर के पीबीएम में बीते 24 घंटे में वायरल बुखार के 70 मरीज आ चुके है। जिनकी जांच में 7 पॉजीटिव मिले है। ऐसे में आमजन को बचाव के उपाय के लिए भी सर्तक किया जा रहा है।
बीकानेर जिले में इस वर्ष अब तक 81 केस आ गए है। पीबीएम अस्पताल के मेडिसिन आउटडोर में मरीजों की संख्या 800 से एक हजार के बीच पहुंचने लगी है। मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। लक्षणों के आधार पर रोज 70-80 मरीजों के डेंगू की जांच कराई जा रही है, जिनमें से 5 से 7 केस पॉजिटिव आ रहे हैं।
जनवरी से अब तक 4505 मरीजों के डेंगू की जांच कराई गई थी, जिनमें से 43 केस आईपीडी और 38 ओपीडी, कुल 81 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 57 केस बीकानेर जिले के हैं, जबकि 24 अन्य जिलों से आए हैं। राहत की बात ये है कि डेंगू अभी गंभीर मोड पर नहीं है। मलेरिया के केस भी मात्र 11 ही रिपोर्ट हुए हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के बाद इन बीमारियों के मरीजों की संख्या बढऩी तय है।
शहरी क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, जहां अब तक 81 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तिलक नगर, आंबेडकर कॉलोनी, शिवबाड़ी, रानीबाजार इंडस्ट्रियल एरिया, बीछवाल इंडस्ट्रियल एरिया, शीतला गेट, लाल गुफा, धोबी धोरा, धोबी तलाई, पुरानी गिनाणी, हनुमान हत्था और जेएनवी क्षेत्र को हाई रिस्क जोन चिन्हित किया गया है। डिप्टी सीएमएचओ हेल्थ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि इन इलाकों में ज्यादा मामले सामने आए हैं।


