राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में नहरबंदी और गर्मी के चलते पानी के लिए त्राहिमाम हो रहा है। स्वच्छ और ठंडे पानी की हर और मांग बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में आज एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एमजीएसयू के मुख्य द्वार पर वाटर कूलर स्थापित करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। परिषद पदाधिकारियों ने भीषण गर्मी के बीच परिसर में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने को गंभीर लापरवाही बताया।


महानगर सहमंत्री योगेन्द्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे बड़े शिक्षण संस्थान में मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय संभाग का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है, जहां दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। विशेषकर परीक्षा भवन में विभिन्न कार्यों के लिए प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थियों का आवागमन होता है, ऐसे में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो जाती है।
वहीं महानगर सहमंत्री भागीरथ गोदारा ने भी विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। परिषद ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान में छात्रों को पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
इस दौरान छात्र नेता गौरव बी रामावत के साथ-साथ धनुष स्वामी, आफाक खान, लक्ष्मण सिंह भाटी और पृथ्वीराज नायक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने जल्द से जल्द वाटर कूलर स्थापित करने की मांग दोहराई।विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान कर विद्यार्थियों को राहत प्रदान की जाएगी।



