राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। नहरबंदी के चलते पानी के लिए बीकानेर में त्राहिमाम है। लगातार लोग पीने के पानी को लेकर परेशान हो रहे हैं। ऐसे में अगर दो दिनों में एक बार आने वाला पानी भी दूषित आए तो क्या ही स्थितियां होगी। ऐसे ही हाल है शहर के इन्द्रा कॉलोनी के। जहां पर लोग दूषित पानी पीने को मजबूर है और दूषित पानी पीने से लोगों के स्वास्थ्य खराब हो रहा है जिसको लेकर अब भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया ने मोर्चा खोल दिया है।

मेड़तिया ने बताया कि क्षेत्र के आमजन के घरों में नलों के जरिए गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे ॉलोनीवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंदे पानी के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई है और उल्टी, दस्त व डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों के मामले सामने आए हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ छोटे बच्चों को अस्पताल में भर्ती तक करवाना पड़ा।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में भाजपा नेता डॉ. मेड़तिया ने इसकी सूचना पीएचईडी विभाग को दी और मौके पर उच्च अधिकारी नरेश राजपुरोहित को बुलाया और वास्तुस्थिति से रूबरू करवाया।
जिसके बाद मौके पर ही विभिन्न घरों से पानी के सैंपल एकत्रित करवाए, ताकि जांच के जरिए समस्या की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।



