राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। बीकानेर संभाग से लगने वाले बॉर्डर एरिया से लगातार तस्करी जारी है। बीते करीब दो महीने में पुलिस ने 50 किलो से अधिक हेरोइन जब्त की है । जिसकी बाजार में कीमत सैकड़ों करोड़ रूपए में आंकी जा रही है लेकिन फिर भी नापाक पाक की ओर तस्करी नहीं थम रही है। ऐसी ही खबर श्रीगंगानगर से फिर सामने आयी है ।जहां पर समेजा कोठी क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों के पास से अवैध पिस्टल, हेरोइन, अफीम जब्त की है।

श्रीगंगानगर जिले में में कार सवार तस्करों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान तेज रफ्तार कार से सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही तस्करों की गाड़ी बंद हो गई। पुलिस ने पंजाब के रहने वाले 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनकी कार भी जब्त की है। पुलिस को तस्करों के पास से हेरोइन, अफीम और विदेशी हथियार मिले हैं, जो पाकिस्तान से भेजे गए थे।
पुलिस ने समेजा कोठी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-911 (श्रीगंगानगर से खाजूवाला, बीकानेर) पर भारी नाकाबंदी की थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज स्पीड में एक लग्जरी कार आती नजर आई। इस कार का पुलिस पीछा कर रही थी। तस्कर ने रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से नाकाबंदी देखी तो जोरदार टक्कर मारकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाड़ी रुक गई।
गाड़ी रुकते ही दोनों तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई ड्रग्स और हथियारों की खेप बरामद हुई है। खेप में 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 राउंड थे। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। इनके पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से लिंक की भी जांच की जा रही है।



