Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। पीली धातु से बनी ईंट को सोने की बताकर बातों में उलझाने और लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में नोखा पुलिस थाने में आईदान राम जाट ने मुकदमा दर्ज करवाया है। प्रार्थी ने बताया कि 17 फरवरी को बीाकनेर बुलाकर आरोपियों ने उसे पीली धातु को ईंट बताते हुए साल लाख रूपए ठग लिए। प्रार्थी ने बताया कि उनकी मुलाकात 26 दिसंबर 2025 को नोखा घंटाघर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर उनसे शुद्ध घी खरीदने का अनुरोध किया। विश्वास बनाने के लिए, उसने 30 दिसंबर 2025 और 25 जनवरी 2026 को बीकानेर में आईदान राम से घी खरीदा और उसका भुगतान भी किया।


इसके बाद, 10 फरवरी 2026 को वही व्यक्ति अपने एक साथी (जिसे उसने अपना साला बताया) के साथ मिला। उन्होंने आईदान राम को एक कथित पीली धातु दिखाई और दावा किया कि यह उन्हें निर्माण कार्य के दौरान मिली है। उन्होंने लगभग 1 किलोग्राम धातु 7 लाख रुपए में बेचने की पेशकश की और किसी को भी इस बारे में जानकारी न देने को कहा।
आईदान राम ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे, वह 7 लाख रुपए लेकर बीकानेर के गंगानगर चौराहे पर पहुंचे। वहां दोनों ठग उनसे मिले और कथित वस्तु आईदान राम को दी और आईदान राम ने विश्वास करके 7 लाख रुपए का बैग उन्हें सौंप दिया।
पैसे लेने के बाद दोनों ठग वहां से चले गए। शाम को जब आईदान राम ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनके मोबाइल नंबर बंद मिले। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है। आईदान राम ने बताया कि इस घटना के कारण वह मानसिक आघात में थे और सामाजिक दबाव के चलते तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके।


