राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बॉर्डर पार से लगातार तस्करी हो रही है। लगताार हो रही तस्करी एजेंसियों की ङ्क्षचता बढ़ा रही है। इसी बीच बीकानेर संभाग में एक बार फिर हेरोइन जब्त की गयी है। यह हेरोइन श्रीगंगानगर के भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक हिंदूमलकोट थाना इलाके के गांव 5 सी बड़ी सुजावलपुर में एक खेत में मिली है। जहां पर पुलिस ने खेत से 1 किलो 530 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार खेत से हेरोइन के दो पैकेट मिले हैं। जिस बैग में हेरोइन रखी हुई थी, उस पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए हेरोइन ड्रॉप की होगी। पुलिस अब ड्रोन ड्रॉपिंग और हेरोइन सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी है। सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए नशे की तस्करी के मामलों को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।


