राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर जिले में पुलिस टीम पर हमला करने और पुलिसकर्मियों के चोटिल हो जाने की खबर सामने आयी हे। घटना नापासर पुलिस थाना क्षेत्र के शेेरेरा से जुड़ी है। जहां पर 27 अगस्त की सुबह की यह घटना बताई गयी है। इस सम्बंध में पांच नामजद सहित कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार करीब 15-20 हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की और राजकार्य में बाधा डालते हुए आरोपी को छुड़ा लिया। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल रामदयाल और कांस्टेबल हीरालाल एक वांछित आरोपी को पकड़कर शेरेरा पुलिस चौकी ले जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की कैंपर, थार और मोटरसाइकिलों से पहुंचे हमलावरों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया। आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और सरिए थे। हमले के दौरान कांस्टेबल रामदयाल की पीठ पर डंडे से वार किया गया।
वहीं कांस्टेबल हीरालाल के सिर पर भी लाठी से हमला किया गया। बचाव के दौरान लाठी उनके हाथ पर लगी, जिससे उन्हें चोट आई।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, कांस्टेबल हीरालाल घटना का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस की हिरासत में मौजूद मोडाराम को जबरन छुड़ा लिया और अपने वाहनों में बैठाकर मौके से फरार हो गए।


