राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। ईरान ने दुनिया के 3 अहम समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ने होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी, तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ (फारस की खाड़ी) में समुद्री व्यापार पूरी तरह रोक देगा। ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर चीफ अली अब्दोल्लाही ने कहा कि अमेरिकी पाबंदियां और ईरानी जहाजों व तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें उकसावे की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगा।

अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। यह कदम पाकिस्तान में हुई करीब 21 घंटे की अमेरिका-ईरान वार्ता के नाकाम रहने के बाद उठाया गया। इस बीच पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर एक हाईलेवल डेलिगेशन के साथ तेहरान पहुंचे हैं। यह डेलिगेशन अमेरिका का संदेश लेकर आया है और अमेरिका-ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत को लेकर चर्चा करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वार्ता के दूसरे दौर का समय अभी तय नहीं हुआ है।
अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहा चीनी टैंकर रिच स्टैरी बुधवार को फिर से होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी नहीं तोड़ पाया। यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात (्रश्व) के हमरियाह पोर्ट से चला था। वहां से इसमें करीब 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लोड किया था। यह टैंकर खाड़ी से निकलने की कोशिश कर रहा था। लेकिन होर्मुज के आगे अमेरिकी नाकाबंदी की वजह से इसे वापस लौटना पड़ा। इससे पहले भी इस टैंकर ने मंगलवार को होर्मुज पार करने की कोशिश की थी।




