राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर शहर में बीते करीब एक महीने से साफ सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर हंगामे की स्थिति है। इसी बीच अब महापौर ने अहम आदेश जारी किए है। जिसके बाद अब शहर में साफ सफाई और मूलभूत सुविधाओं के सुधार के आसार नजर आ रहे है। दीपावली जैसे त्यौंहार पर शहर सजावट के साथ साफ सुथरा दिखे और आमजन के चेहरे पर एक खुशी इसको लेकर भी दिखे इसी कड़ी में महापौर अनिल कल्ला ने निगम के सभी कार्मिकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है ।
महापौर अनिल कल्ला ने नगर निगम आयुक्त को शहर के सभी 80 वार्डों में सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क व नालियों की मरम्मत, सजावट, सीवरेज और अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने तीन दिवस में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर दीपावली तक उसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
सभी 80 वार्डों में दीपावली तक दोनों पारियों में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों और मुख्य बाजारों में रात के समय भी विशेष सफाई करवाई जाएगी। इसके लिए आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त अनुबंधित सफाई श्रमिक लगाए जाएंगे। मुख्य कचरा संग्रहण केंद्रों से दिन में दो बार कचरा उठाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी बड़ा अभियान चलाया जाएगा। बंद और क्षतिग्रस्त लाइटों का सर्वे करवाकर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता और पार्षदों की मांग के अनुसार कम से कम 100 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों और ऐतिहासिक इमारतों को लाइटों व लाइट मालाओं से सजाया जाएगा।
शहर की क्षतिग्रस्त और गड्ढों वाली सड़कों तथा नालियों का तकनीकी अधिकारियों द्वारा सर्वे करवाया जाएगा। संबंधित पार्षदों से जानकारी लेकर मरम्मत कार्य करवाने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का लक्ष्य है कि ये कार्य धनतेरस से कम से कम 15 दिन पहले पूरे कर लिए जाएं।
दीपावली के अवसर पर नगर निगम की मुख्य इमारत, प्रमुख पार्कों, प्रसिद्ध स्थलों, मुख्य मार्गों और बाजारों में आकर्षक लाइटिंग के साथ आर्टिफिशियल सजावट भी की जाएगी। हालांकि सजावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री ज्वलनशील नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए शहर के भीतरी क्षेत्रों में छोटी अग्निशमन गाडिय़ों और बाहरी क्षेत्रों में बड़ी दमकल गाडिय़ों की तैनाती की जाएगी। सभी 80 वार्डों में खुले पड़े सीवरेज हॉल पर ढक्कन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्य सीवरेज लाइनों से जुड़े आवश्यक कार्य सड़क निर्माण से पहले ही पूरे करवाने को कहा गया है।
महापौर अनिल कल्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पहले शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।


