राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर निकाय चुनावों में बहुमत के बावजूद कांग्रेस के उप महापौर प्रत्याशी की हार का मामला अब प्रदेश तक पहुंच गया है। लगातार कांग्रेस पार्टी के समर्थक, पदाधिकारी और पार्षद जांच की मांग कर रहे है। इसी के चलते कल विभिन्न वर्गो के लोगों ने पूर्व मंत्री डॉ. कल्ला से मुलाकात कर जांच की मांग की। जिसके बाद आज शहर अध्यक्ष मदन गोपाल ने पीसीसी चीफ को पत्र लिखा है।
जिसमें पुरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की गयी है। पत्र के माध्यम से नगर निगम उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो की हार की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भीखाराम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बावजूद उपमहापौर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को अपेक्षित मत नहीं मिलना गंभीर संगठनात्मक विषय है।
पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह सामने आना चाहिए कि क्रॉस वोटिंग किन कारणों से हुई और पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले कौन लोग थे। उन्होंने कहा कि जांच किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि संगठन में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। जांच में यदि पार्टी विरोधी गतिविधि या अनुशासनहीनता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर संगठनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए


