राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर जिले के नापासर में ‘जानलेवा मांझे’ के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अक्षय तृतीया के मौके पर पतंगबाजी के बीच बढ़ते हादसों को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। सुषमा शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य बाजार में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानदारों को साफ चेतावनी दी गई कि चाइनीज मांझा किसी भी हालत में नहीं बेचा जाए।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी ऐसे मांझे की बिक्री या इस्तेमाल नजर आए तो तुरंत सूचना दें।थानाधिकारी सुषमा ने बताया कि त्योहार खुशियों का होता है, लेकिन चाइनीज मांझा इंसानों और पशु-पक्षियों दोनों के लिए जानलेवा है। नियम तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं पुलिस ने दुपहिया वाहन चालकों को भी हेलमेट पहनने के साथ गले पर कपड़ा बांधने और बच्चों को आगे ना बिठाने की सलाह दी है।




