राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर शहर में उभरती खेल प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मास्टर मंगल चंद खारखोदिया फाउंडेशन एवं मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति द्वारा 31वें वार्षिक फुटबॉल समर कैंप का भव्य आयोजन किया जा रहा है। क्लब के सुनील बांठिया ने बताया कि यह बहुप्रतीक्षित कैंप 25 मई से 7 जून 2026 तक पुष्करणा स्टेडियम, बीकानेर में आयोजित होगा, जिसमें 7 वर्ष से अधिक आयु के लड़के एवं लड़कियां भाग लेकर अपने फुटबॉल कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।

इस कैंप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां शुरुआती से लेकर एडवांस स्तर तक के खिलाडिय़ों के लिए विशेष रूप से तैयार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे हर प्रतिभागी को उसके स्तर के अनुसार सही मार्गदर्शन मिल सके। क्लब सचिव भरत पुरोहित ने बताया कि अनुभवी एवं प्रोफेशनल कोचेस की टीम द्वारा खिलाडिय़ों को बॉल कंट्रोल, पासिंग, ड्रिब्लिंग, शूटिंग, डिफेंस तकनीक जैसी आधुनिक फुटबॉल स्किल्स के साथ-साथ फिटनेस, स्टैमिना और मानसिक मजबूती पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

कैंप के दौरान नियमित मैच प्रैक्टिस, मिनी टूर्नामेंट और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे खिलाडिय़ों को वास्तविक खेल परिस्थितियों का अनुभव मिल सके और उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित हो। इसके साथ ही टीमवर्क, अनुशासन और लीडरशिप जैसी महत्वपूर्ण जीवन कौशलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होंगे। आयोजकों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिभागियों को प्रतिदिन हॉर्लिक्स दूध एवं चना उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उनकी ऊर्जा बनी रहे और शारीरिक विकास बेहतर हो सके।

 

इस पूरे आयोजन का संचालन क्लब के सचिव भरत जी पुरोहित के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है, जिनके साथ बुंदेला सिंह, महावीर शर्मा, त्रिभुवन ओझा, शिव कुमार शर्मा, विनोद जागा, अभिषेक व्यास जैसे समर्पित एवं अनुभवी सदस्य दिन-रात इस कैंप को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। कैलाश खरखोदिया ने बताया कि सभी का उद्देश्य केवल खेल सिखाना नहीं, बल्कि बच्चों में खेल के प्रति जुनून पैदा करना और उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी व जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

 

यह फुटबॉल समर कैंप न केवल बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देगा, बल्कि उन्हें प्रोफेशनल गाइडेंस के साथ भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने के लिए भी तैयार करेगा। मगन सिंह राजवी (पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान) ने कहा कि “खेल नहीं, जुनून बनाओ” के संदेश के साथ यह कैंप युवाओं को प्रेरित कर रहा है कि वे मोबाइल और स्क्रीन से दूर होकर मैदान में अपनी ऊर्जा लगाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। सीमित सीटों को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों एवं खिलाडिय़ों से अपील की गई है कि वे शीघ्र रजिस्ट्रेशन कराकर इस बेहतरीन अवसर का लाभ उठाएं और फुटबॉल के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाएं।

Rajasthan1st News से आप यहाँ भी जुड़ें !

संबंधित खबरें
🏏 लाइव क्रिकेट स्कोर LIVE
error: Content is protected !!