राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। कांग्रेस नेता आनंद कुमार जोशी ने शहर में जारी जल संकट और नहरबंदी के दौरान अव्यवस्थित जलापूर्ति को लेकर राज्य सरकार, संबंधित मंत्रियों एवं अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे जल परियोजनाओं को समय पर पूरा नहीं होने दिया जा रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

जोशी ने कहा कि नहरबंदी के दौरान जल प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा है और टैंकर माफिया हावी हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं और आम जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शुरू किए गए शहरी पुराने कुओं का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है, जबकि उन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा स्वीकृत जलाशयों के निर्माण कार्य में भी अनावश्यक देरी की जा रही है।

 

जोशी ने जानकारी दी कि बीकानेर में महादेव इंफ्रा कंपनी द्वारा चकगर्बी और बीछवाल क्षेत्र में लगभग 485 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय एवं ऑफशोर डिस्ट्रीब्यूशन टंकियों का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसकी समयसीमा वर्ष 2024 तक निर्धारित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित मिलीभगत के कारण यह कार्य अब तक पूर्ण नहीं हो पाया है और वर्तमान में केवल लगभग 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित फर्म के खिलाफ न तो कोई पेनल्टी लगाई गई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है, जबकि वर्तमान में कार्य पूर्णत: बंद पड़ा है।

 

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट को हल्के में क्यों लिया जा रहा है और कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जलदाय विभाग द्वारा सोमवार तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।

Rajasthan1st News से आप यहाँ भी जुड़ें !

संबंधित खबरें
🏏 लाइव क्रिकेट स्कोर LIVE
error: Content is protected !!