प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले- सभी टीम इंडिया की तरह काम करें, लॉकडाउन की चर्चाओं के बीच केन्द्र सरकार ने तीन मंत्री आए सामने, पढ़ें खबर-National News

National News मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर केन्द्र सरकार गंभीर
राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बैठक की। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये हुई इस बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर घंटो मंथन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी राज्य टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करें और अपनी तैयारियां मजबूत रखें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री ने राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आर्थिक-व्यापारिक स्थिरता बनाए रखना, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना और नागरिकों के हितों की रक्षा करना है।

 

पीएम ने राज्यों से सप्लाई चेन को सुचारु रखने और जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कृषि क्षेत्र में पहले से योजना बनाने, खासकर खाद के स्टॉक और वितरण पर नजर रखने पर जोर दिया। बता दे कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर देश में हलचल तेज है और लगातार पेट्रोलियम पदार्थो, गैस को लेकर अफवाहों ने कई मर्तबा लोगों को लाइन में लगने को मजबूर कर दिया। इसी बीच पीएम की बैठक करने को लेकर बड़ा संदेश दिया जा रहा है कि भारत अपनी व्यवस्था और आमजन के लिए चिंतित है और समय रहते ही सभी व्यवस्था को परखा जा रहा है। इसी कड़ी में पीएम ने सभी राज्यों से टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करने का आव्हान किया है।

 

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच बीते दिनों पीएम ने कोरोना काल को याद किया था। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर लॉकडाउन को लेकर लगातार अफवाहे चल रही थी। इसी को लेकर केन्द्र सरकार के तीन मंत्री सामने आए और लाकडाउन जैसी किसी भी स्थिति को सिरे से नकार दिया।

 

लॉकडाउन की अफवाहें प्रधानमंत्री मोदी के 4 दिन पहले संसद में दिए गए बयान के बाद शुरू हुईं। उन्होंने कहा था कि इस युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं।

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लॉकडाउन की अफवाह कौन उड़ा रहा है। पीएम ने साफ तौर पर कहा था कि पैनिक नहीं होना है। आम लोगों को तकलीफ न हो इसके लिए टॉप लेवल से लेकर नीचे लेवल तक, यहां तक कि पीएम खुद मॉनीटर कर रहे हैं।

 

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें।

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं लोगों को भरोसा दिलाना चाहती हूं कि कोविड के दौरान जैसा लॉकडाउन हमने देखा, वैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा। मुझे हैरानी है कि कुछ नेता कह रहे हैं कि लॉकडाउन होगा और फ्यूल की कमी होगी। ये बेबुनियाद बातें हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!