Accident News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। जयपुर जा रही बस की ट्रक से भिड़ंत हो जाने और पांच लोगों की मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना हनुमानगढ़ के सरदारशहर रोड़ पर बरमसर के पास की है। जहां पर मेगा हाईवे पर बस और ट्रॉला की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर है।


जानकारी के अनुसार बुलेट वॉल्वो बस रावतसर श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब रोड पर सरसों से भरी दो ट्रालियां खड़ी थीं। बस ड्राइवर ने इन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रहे ट्रॉले से बस की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रॉले के पीछे निकले बड़े डाले से बस सीधे टकरा गई थी। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एम्बुलेंस की मदद से रावतसर हॉस्पिटल पहुंचाया। गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि रावतसर हॉस्पिटल में पहुंचने से पहले ही 5 लोगों की मौत हो चुकी थी। 3-4 लोगों की हालत गंभीर होने पर तुरंत ही हनुमानगढ़ रेफर किया गया। 7 लोगों का इलाज रावतसर हॉस्पिटल में चल रहा है।



