
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। आई स्टार्ट नेस्ट बीकानेर इनक्यूबेशन सेंटर, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बीकानेर में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस 2026 के अवसर पर स्टार्टअप एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, युवा उद्यमियों एवं नवप्रवर्तकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर माननीय कुलपति, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बीकानेर, प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए राज्य सरकार द्वारा स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त करने के प्रयासों की प्रशंसा की तथा युवाओं से नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।



कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापकों शुभम स्वामी (संस्थापक, एडसेरा) एवं मनीष संडिलया (संस्थापक, सृजन्या स्फीयर प्राइवेट लिमिटेड) ने अपने उद्यमी सफर, स्टार्टअप से जुड़ी चुनौतियों और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को नवाचार आधारित स्टार्टअप शुरू करने एवं स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में डॉ. लक्ष्मण सिंह खंगारोत, विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बीकानेर तथा जयभास्कर, फैकल्टी सदस्य, कंप्यूटर साइंस विभाग ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए उद्यमिता, तकनीकी कौशल और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान उपनिदेशक गगन भाटिया ने प्लेटफॉर्म, नवाचार से जुड़ी योजनाओं एवं स्टार्टअप्स को मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी। वहीं मेंटोर जयवीर शेखावत ने राजस्थान स्टार्टअप नीति 2022 के अंतर्गत स्टार्टअप्स को मिलने वाले लाभ, अनुदान, मेंटरशिप एवं सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों एवं युवा उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा स्टार्टअप निर्माण, नवाचार एवं उद्यमशीलता से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।



