Rajasthan Weather राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दिसंबर आधा बीत जाने के बाद अब शीतलहर शुरू हो गयी है। बीकानेर के ग्रामीण अंचल में भी ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गयी है। वहीं मंगलवार और बुधवार को घना कोहरा भी ग्रामीण अंचल में देखा गया। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के तापमान में गिरावट हुई है। फतेहपुर, डूंगरपुर, लूणकरणसर और नागौर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में अगले एक-दो दिन मौसम साफ रहेगा।


18-19 दिसंबर से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में 19 से 22 दिसंबर के बीच कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं। बुधवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस नागौर में दर्ज किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.8, लूणकरणसर में 4.3, डूंगरपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उत्तर भारत को छोड़कर शेष राजस्थान में बुधवार को आसमान बिल्कुल साफ रहा और सुबह से तेज धूप रही। इस कारण कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 30.9 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।



