Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज, नेटवर्क। मंच पर कार्यक्रम में भाषण देने को लेकर विधायक और पूर्व विधायक के बीच कहासुनी हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना भरतपुर से जुड़ी है। जहां पर रविवार को एक उद्घाटन समारोह में आखिर में बोलने पर विधायक और पूर्व विधायक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों मंच पर ही आमने-सामने हो गए और थानाधिकारी को मध्यस्थता करनी पड़ी।


घटना जिले के रूपवास में आज दोपहर करीब एक बजे बसंत पशु मेला प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हुई। कार्यक्रम में बयाना के पूर्व बीजेपी विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल और निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत के अलावा कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह भी मौजूद थे।
नगर पालिका की ओर से आज दोपहर करीब एक बजे बसंत पशु मेला प्रदर्शनी का उद्घाटन समारोह रखा गया था। इसमें बयाना निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत मुख्य अतिथि थी, जबकि भाजपा के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल और कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
कार्यक्रम में सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही थी और अतिथियों का साफा पहनाकर स्वागत सत्कार किया जा रहा था। इसी बीच संबोधन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में आयोजकों की ओर से विधायक ऋतु बनावत को पहले संबोधन के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि पहले बच्चू बंशीवाल भाषण दें। इसके बाद पूर्व कांग्रेस विधायक अमर सिंह भाषण दें और आखिरी में खुद निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत का भाषण हो।
इसे सुनते ही बीजेपी के पूर्व विधायक ने सबसे पहले भाषण देने से इनकार कर दिया। यह सुनकर ऋतु बनावत के पति ऋषि बंसल ने विरोध जताया। इसके बाद तीनों में कहासुनी हो गई। तीनों तेज म्यूजिक के बीच मंच पर ही उलझ पड़े और एक-दूसरे को कायदे में रहने की हिदायत दी।


