Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज, नेटवर्क। चोरी की अनोखी वारदात की खबर सामने आयी है। घटना पश्चिमी राजस्थान के बॉर्डर इलाके जैसलमेर से जुड़ी है। जहां पर एक सरकारी इंजीनियर के क्वार्टर में रविवार की अलसुबह चोर घुस गया। सामान समेटकर ले जाते समय महंगी शराब की बोतल मिली तो घर में ही बैठकर शराब पी। लेकिन चखना नहीं मिलने से नाराज हो गया। चोर ने जाने से पहले मकान मालिक के लिए कागज पर एक नोट छोड़ा और दीवार पर लिपस्टिक से मैसेज लिखकर फरार हो गया।



ऐसे घर में दारू (शराब) रखोगे तो साथ में आलू की चिप्स जरूर रखना। ढूंढते रह जाओगे, लेकिन बिहारी बाबू न कभी मिला, न कभी मिलेगा। देख, मैं तो कोई भी दस्तावेज नहीं ले जा रहा हूं। वर्ना तू एक काम करेगा, क्या? अगर पुलिस में तुमने शिकायत की तो समझ लेना, तू मेरा बहुत बड़ा दुश्मन होगा। नहीं तो मैं तुम्हें भूल जाऊंगा, तू मुझे भूल जाना।
इंजीनियर सोहन जांगिड़ ने बताया कि मैं बाहर गया हुआ था, इसका फायदा उठाकर चोर ने ताला तोड़ा। लेपटॉप, एक टीवी, शर्ट-जींस, ब्लेजर और परफ्यूम ले गया। उसने दीवार पर लिपस्टिक से कई मैसेज लिखे हैं।

इंजीनियर ने बताया कि चोर ने दीवारों पर कई मैसेज लिखे है। इनमें एक मैसेज में लिखा है आपकी सुंदर पेन से लिख रहा हूं, मैंने तुम्हारा अन्न खाया है, आनंद आया। मजबूरी ने पहली बार ऐसा काम करवाया है। जिंदा रहा तो एहसान नहीं भूलूंगा। धन्यवाद – बिहारी बाबू।


