Rajastha News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। रात 12 बजे के बाद मरीजों की आपातकालीन परिस्थितियों में भी एंबुलेंस नहीं आएगी क्योंकि आज रात 12 बजे से 108 और 104 के कार्मिक हड़ताल पर जा रहे हैं। नए टेंडर में वेतन कम देने और वर्किंग आवर्स 8 के बजाय 12 घंटे के विरोध में मौजूदा कर्मचारियों की यूनियन ने सेवाएं बंद करने का ऐलान किया है।


यूनियन से जुड़े लोगों के अनुसार हमने स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से टेंडर में वेतन में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करने और वर्किंग आवर्स 8 घंटे करने की मांग की है, जिस पर अधिकारियों ने कोई निर्णय नहीं किया। इसके चलते हमने अब 28 दिसंबर रात 12 बजे से कार्य बहिष्कार करने का निर्णय किया है।
वर्तमान में 1094 वाहन (108) और 600 वाहन (104) सेवा के नाम से संचालित है। इन वाहनों की कंट्रोलिंग वर्तमान में मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज लिमिटेड के पास है। ये सेवाएं प्रदेश में आमजन के लिए फ्री संचालित की जाती है। एम्बुलेंस संचालन सेवा से करीब 3 हजार कर्मचारी जुड़े हुए हैं।
वर्तमान में इन कर्मचारियों (ड्राइवर और अन्य सहयोगी) को कंपनी की तरफ से 12 हजार 730 रुपए का वेतन मिल रहा है। यूनियन ने इस वेतन में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करने और हर साल 10 फीसदी की दर से बढ़ोतरी करने की शर्त टेंडर में जोडऩे की मांग की है। साथ ही वर्किंग आवर्स जो 12 घंटे टेंडर में दर्शाए गए हैं, उनको कम करके 8 घंटे करने की मांग की है।



