Rajastahn News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। भाजपा विधायक की कंपनी पर 25 लाख का चालान करने को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है। आरटीओ की यह बड़ी कार्रवाई प्रदेश में बड़ी चर्चा का विषय बन गयी है। दरअसल एक आरटीओ इंस्पेक्टर ने शनिवार को बीजेपी विधायक राजेन्द्र सिंह भांबू की कंपनी पर 25 लाख रुपए का चालान काटा। राजेन्द्र सिंह भांबू की कंपनी हाईवे के रखरखाव का काम करती है। हाईवे पर नियम के मुताबिक सुविधाएं नहीं देने के चलते ये चालान काटा गया है। ऐसा बहुत कम होता है कि आरटीओ किसी हाईवे पर सुविधाएं नहीं देने के कारण हाईवे का मेंटेनेंस देखने वाली फर्म का चालान काटे।


चालान आरएसबी इंफ्रा प्रा. लि. कंपनी का काटा गया है, जो इस पूरे हाईवे का रखरखाव का काम करती है, जबकि टोल कलेक्शन करने वाली फर्म केकेसी सीकर को भी इस चालान में संयुक्त रूप से दोषी माना है। मामला राजगढ़ से भालेरी (स्टेट हाईवे 06) तक 133 किलोमीटर लंबी सड़क का है। आरटीओ इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह की टीम ने जब इंस्पेक्शन किया तो उन्हें इस हाईवे पर सांकेतिक बोर्ड (साइनेज), नाइट रिफ्लेक्टर, हाईवे पर बने अलग-अलग जंक्शन (चौराहों, तिराहों) पर वॉर्निंग साइन, इमरजेंसी नंबर समेत अन्य सुविधाएं नहीं दिखीं।
डीटीओ चूरू की टीम ने 25 अलग-अलग पॉइंट्स पर रिपोर्ट तैयार करके हर पॉइंट पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाते हुए कुल 25 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।



