राजस्थान 1st न्यूज़,नेटवर्क। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में बुधवार रात करीब 9 बजे एक यात्री विमान और एक हेलिकॉप्टर टकरा गए। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे। वहीं हेलिकॉप्टर में 3 लोग थे। इन सभी लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद अमेरिकी एयरलाइंस का प्लेन पोटोमैक नदी में तीन टुकड़ों में पड़ा मिला। CBS न्यूज के मुताबिक अब तक 30 शव बरामद कर लिए गए हैं। वॉशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के प्रमुख जॉन डोनेली ने हादसे पर दिए बयान में कहा कि हादसे में अब कोई जीवित बचा होगा, उन्हें इसकी उम्मीद नहीं है।
जॉन डोनेली ने बताया कि पानी में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पानी काफी गहरा और मटमैला है। इससे गोताखोरों को गोता लगाने में कठिनाई आ रही है। रेस्क्यू में कई दिनों का वक्त लग सकता है। फिलहाल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें और लैंडिंग रोक दी गई हैं।
वॉशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक घटना रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुई। हादसा US एयरलाइन्स के CRJ700 बॉम्बार्डियर जेट और सेना के ब्लैक हॉक (H-60) हेलिकॉप्टर के बीच हुआ। अमेरिकन एयरलाइन्स का जेट कंसास राज्य से वॉशिंगटन आ रहा था।