राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। रक्षाबंधन के पर्व पर एक बहन पर दुखों का पहाड़ टूटने की खबर सामने आयी है। घटना अनूपगढ़ जिले की है। अनूपगढ़ जिले के घड़साना के एक परिवार की बेटी अपने ससुराल पदमपुर के निकट एक गांव से अपने भाई को राखी बांधने के लिए आज सुबह रवाना हुई थी। लेकिन जब वह कुछ ही दूरी पर पहुंची तो उसे अपने भाई की मौत की खबर मिली। घड़साना के रहने वाले रामकुमार आज सुबह अपने खेत में काम कर रहा था तभी अचानक बिजली की तारों की चपेट में आ गया और बिजली के झटकों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है।





