gangstar update गैंगस्टर अनमोल एनआईए की रिमांड पर
राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। कल बुधवार को एजेंसियां गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई को भारत लेकर आ गयी। अनमोल पर बाबा सिद्दकी,सिद्धू मूसेवाला के मर्डर का आरोप है। भारत लाते ही एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से अनमोल को 11 दिनों के रिमांड पर भेज दिया गया है।
एनआईए अब अनमोल से तमाम मामलों पर बातचीत करेगी। जिसमें लॉरेंस गैंग क सदस्यों,पैसों की फडिंग सहित कई मर्डर के मामलों में पूछताछ होगी।
भारत में गैंग को शूटर कौन उपलब्ध करवाता है, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अनमोल को जनवरी 2025 में भगोड़ा घोषित किया गया था।


अनमोल के खिलाफ राजस्थान में दर्ज है 21 प्रकरण
अनमोल के खिलाफ भारत में 31 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। इसमें से राजस्थान में 21 प्रकरण दर्ज हैं। गौर करने वाली बात है कि अभी भी विदेश में बैठकर इंटरनेट कॉल के जरिए राजस्थान में रसूखदारों को धमकाने का सिलसिला थमा नहीं है। राजस्थान के जयपुर-जोधपुर में 7-7 तो हनुमानगढ़-गंगानगर में 3-3 वहीं बीकानेर में एक मामला दर्ज है।
एनआइए ने अनमोल के पिता को गिरफ्तारी की सूचना दे दी है और गिरफ्तारी के आधार भी बताए गए हैं। अनमोल, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है। एजेंसी ने तर्क दिया कि नेटवर्क की संरचना, फंडिंग और सदस्यों की पहचान उजागर करने के लिए उससे हिरासत में पूछताछ बेहद जरूरी है। एनआइए ने अनमोल के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी प्राप्त करने और सिस्टमेटिक डिजिटल जांच के लिए भी हिरासत जरूरी बताई।



