Education News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। स्कूलों में धार्मिक स्थलों को लेकर शिक्षा मंत्री ने सख्त निर्देश दिए है। जिसके बाद स्कूलों संचालक अचंभित है कि आखिर क्या किया जावे। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में धार्मिक स्थल पाए जाने पर अब स्कूल के संस्था प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। स्कूली शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने दो दिवसीय राजसमंद दौरे के दौरान यह निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर राजसमंद पहुंचे थे। राजसमंद से पिपलांत्री जाते समय उन्होंने रास्ते में 4 सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।


इस दौरान शिक्षामंत्री ने दो स्कूलों के शौचालयों में भारी गंदगी और अव्यवस्था देखकर नाराजगी जताते हुए विभाग के स्थानीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान अन्य दो स्कूलों के परिसर में धार्मिक स्थल मिलने पर शिक्षा मंत्री ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त कर इसे सरकारी निर्देशों का उल्लंघन बताया। उन्होने कहा कि विद्यालयों में धार्मिक स्थल मिलने पर अब शाला प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
स्कूल निरीक्षण के बाद मीडिया को दिए बयान में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार का सख्त रुख स्पष्ट किया। शिक्षामंत्री दिलावर ने कहा कि राजस्थान के किसी भी सरकारी स्कूल में कोई धार्मिक स्थल अथवा अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी विद्यालय में इस तरह के स्थल पाए जाते हैं तो संस्था प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं और अब इनकी पालन होनी तय है।



