Crime News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। शिकार के बहान से बुलाकर दो युवकों को बंधक बनाने और रातभर डंडो,बेल्ट से मारपीट करने की खबर सामने आयी है। घटना हनुमानगढ़ के नवां गांव की है। इस संबंध में घायल मोहम्मद नजर ने जिला अस्पताल टाउन में इलाज के दौरान सदर पुलिस को बयान दर्ज करवाकर एफआईआर दर्ज कराई है।


अस्पताल में बयान देते हुए घायल ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है। 8 दिसंबर की शाम उसके पड़ोसी आरिफ अली ने उसे बताया कि बावरियों वाली ढाणी निवासी बग्गीया बावरी ने उन्हें फोन कर बुलाया है। इसके बाद वह, आरिफ अली, इमदाद और फरियाद 2 बाइकों पर चक 3 एमओडी नहर के पुल के पास पहुंचे।वहां उन्हें बग्गीया बावरी, उसके 2 बेटे, बावरियों वाली ढाणी निवासी ललकार सिंह और दो अन्य व्यक्ति मिले। आरोप है कि इन लोगों ने उन्हें रोककर हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान इमदाद और फरियाद तो अपनी बाइक लेकर वापस भाग गए, लेकिन आरोपियों ने मोहम्मद नजर और आरिफ अली को पकड़ लिया।
दोनों युवकों को मारपीट करते हुए एक कमरे में बंद कर दिया गया, जहां उनकी पिटाई जारी रही। मोहम्मद नजर के अनुसार, ललकार सिंह, बग्गीया और उसके दो बेटों ने उन्हें थप्पड़-मुक्कों से पीटा और डंडों से पैरों पर वार किए। वहीं, दो अन्य व्यक्तियों ने बेल्ट से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मोहम्मद नजर ने बताया कि यह घटना रात करीब 11 बजे हुई थी। अगले दिन दोपहर में पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें छुड़वाया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


