राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। चैन छीनने के चक्कर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर देने की खबर सामने आयी है। घटना बिहार के पटना की है। जहां पर चैन स्नेचर ने भाजपा नेता श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा की हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे की है। जानकारी के अनुसार मंगल तालाब के पास श्याम सुंदर घर आने के लिए ऑटो पकडऩे पहुंचे थे। दोनों अपराधी चेन छीनने लगे। श्याम सुंदर ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके सिर में गोली मार दी। दूसरा चाकू से वार करता रहा। सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्याम सुंदर पटना सिटी चौक के नगर मंडल अध्यक्ष थे।
सीसीटीवी में ये पूरी घटना कैद हुई है। इसमें दिख रहा है कि श्याम सुंदर सड़क किनारे बैठे हुए हैं। थोड़ी देर में एक बाइक से 3 अपराधी आते हैं और चेक छीनने की कोशिश करने लगते हैं। श्याम सुंदर इसका विरोध करते हैं एक अपराधी उन्हें सिर में गोली मारता है। दूसरा चाकू से हमला करने लगता है। तीनों चेन लूटने के बाद एक ही बाइक से वहां से भाग निकलते हैं।

Leave a Comment