Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सरकार की वर्ष 2024-25 व 2025-26 की बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में यादव ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ बजट घोषणाओं पर कार्यवाही के निर्देश दिए। यादव ने कहा कि बजट घोषणाओं की क्रियान्विति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है लिहाजा इसमें कोताही ना बरतें।


नाइट टूरिज्म को लेकर निगम करीब 9.5 करोड़ की डीपीआर कर रहा तैयार
बैठक में पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि जिला मुख्यालय पर नाइट टूरिज्म को लेकर नगर निगम की ओर से करीब 9.5 करोड़ की डीपीआर अगले सप्ताह तक तैयार हो जाएगी। वहीं सूरसागर जीर्णोद्धार को लेकर बीडीए करीब साढ़े 6 करोड़ की डीपीआर तैयार कर रहा है।
18 करोड़ की लागत से कपिल सरोवर के विकास का प्रस्ताव भेजा
राठौड़ ने बताया कि कपिल सरोवर के विकास को लेकर करीब 18 करोड़ का प्रस्ताव केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजा गया है। वहीं देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में करीब 22 करोड़ की लागत से हो रहा जीर्णोद्धार कार्य पचास फीसदी पूर्ण हो चुका है।
रायसर में ग्रामीण पर्यटन को लेकर 2 करोड़ 16 लाख की मिली स्वीकृति
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि रायसर में ग्रामीण पर्यटन को लेकर करीब 2 करोड़ 16 लाख की स्वीकृति वित्त विभाग ने जारी कर दी है। कार्यकारी एजेंसी जिला परिषद जल्द ही निविदा जारी करेगी।
महारानी कॉलेज में इसी सत्र से शुरू हो जाएंगे पीजी के पांच नए विषय
कॉलेज शिक्षा की समीक्षा के दौरान डूंगर कॉलेज के प्रो. बी.आर.जोशी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर स्थित महारानी कॉलेज में इसी सत्र से पीजी के पांच नए विषय हिंदी, समाजशास्त्र,इतिहास, भौतिक शास्त्र व प्राणीशास्त्र शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं लूणकरणसर के भीमसेन चौधरी राजकीय महाविद्यालय में भूगोल, इतिहास व हिंदी साहित्य विषय पीजी में शुरू कर दिए जाएंगे।



