Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। करीब 15 दिनों से पानी नहीं आने के कारण लोगों का धैर्य आज जवाब दे गया। आक्रोशित लोग आज खाली बर्तन लेकर टंकी पर चढ़ गए। खबर श्रीडूंगरगढ़ के गांव गोपालसर से जुड़ी है। जहां पर बीते करीब 15 दिनों से पीने के लिए पानी नहीं आ रहा था। पानी नहीं आने के कारण स्थानीय लोगों की दिनचर्या गड़बड़ा सी गयी थी।


लगातार पानी नहीं आने से परेशान होकर आज स्थानीय लोग खाली बर्तन लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। स्थानीय लोगों का कहना कि अधिकारियों को लगातार शिकायत देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और ना ही कोई समाधान हो रहा है। ऐसे में अगर आने वाले दो दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बता दें कि करीब 50 घरों में 15 दिनों से नल से जल नहीं आ रहा था।


