Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दिसंबर लगने के साथ ही सर्दी अब अपनी रफ्तार पकडऩे लगा ही है। लगातार बीकानेर लूणकरणसर कस्बा प्रदेश में दूसरे दिन भी सबसे ज्यादा ठंडा रहा। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में सर्दी बढ़ा दी है। प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। यहां के सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिले में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है।


मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक शीतलहर का प्रभाव रहने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान भी सीकर के फतेहपुर में 3.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर के लूणकरणसर में भी तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य में बुधवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। प्रदेश के सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा। इस दौरान सर्द हवाओं का असर और बढऩे की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तरी राजस्थान के शहरों में रात की सर्दी और बढऩे की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री और गिरावट होने की संभावना है।



