Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। भारतीय नीति आयोग के तत्वावधान में संचालित अटल टिंकरिंग प्रयोगशाला द्वारा सम्पूर्ण भारत में आयोजित नवाचार प्रतियोगिता टेकाथॉन 2025 भविष्य का दर्शन में रायसर मार्ग स्थित आदर्श विद्या मन्दिर उच्च माध्यमिक, नोखा के भैया आर्ष सिहाग ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परचम लहराया है।
इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में प्रत्येक माह विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयाधारित प्रतियोजनाएँ प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। इसमें स्मार्ट पुनर्चक्रण एवं अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण,अनुकूल परिवहन, खेल एवं शिक्षा आधारित अनुप्रयोग आदि विषय सम्मिलित थे। देशभर से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लेकर विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत किए।


विद्यालय के भैया आर्ष सिहाग ने स्मार्ट कचरा पात्र नामक प्रतियोजना तैयार की। यह विशेष यंत्र स्वत: ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग कर देता है। इस प्रक्रिया से अपशिष्ट वस्तुओं का पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण सरल हो जाता है। निर्णायकों ने इस अभिनव प्रयोग की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किया। आर्ष सिहाग आगामी नवम्बर माह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले टेकाथॉन 2025 के राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रतियोजना का प्रदर्शन करेंगे।
प्रधानाचार्य आशीष डागा ने कहा कि आर्ष की उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं, वरन् पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। विद्या भारती की शिक्षा पद्धति केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभावना और नवाचार का भी विकास करती है। विद्यालय परिवार ने आर्ष सिहाग के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त करते हुए इसे स्वदेशी नवाचार की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया।



