बर्फीली हवाओं के साथ गिरा पारा,अब और बढ़ेगी सर्दी-Bikaner News 

Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दिसंबर शुरू होने के साथ ही पारा धीरे-धीरे अब नीचे आने लग गया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण राजस्थान में तापमान तेजी से गिर गया है। सीकर, चूरू और जयपुर सहित कई शहरों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

 

सीकर में गुरुवार रात को तापमान जमाव बिंदु के नजदीक एक डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं, बुधवार की रात को शेखावाटी क्षेत्र तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे ग्रामीण इलाकों में ओस की बूंदें जम गईं और पाला पडऩे की आशंका बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान सीकर के पास फतेहपुर में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त, बीकानेर के लूणकरणसर में 2.9 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

 

राजस्थान के उत्तरी इलाकों में 5 और 6 दिसंबर को शीतलहर चलने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। प्रदेश के सीकर, चूरू, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर में सुबह शाम में कोहरा छाने और रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण प्रदेश में विंड पैटर्न बदलने पर अब उत्तरी बर्फीली हवा चलने पर मैदानी इलाकों में हाड़कंपाने वाली सर्दी का असर बढऩे वाला है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!