राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में मेला का दौर अब समाप्ति की ओर है। बीते दिनों रामदेवरा के साथ सुजानदेसर में बाबा रामदेव का भेला भरा गया। वहीं पुनरासर सहित अनेक स्थानों पर भी मेला भरा गया।
अब भैरूनाथ जाने वाले भक्तों ने भी अपनी व्यवस्था तैयार कर ली है। कोड़मदेसर और शीशा भैरूनाथ का तीन दिवसीय मेला आज पदयात्रियों की रवानगी के साथ शुरू होगा। कोड़मदेसर में सोमवार और मंगलवार को मेला भरेगा। जिसको लेकर भक्त आज शाम से रवाना होंगे। बीकानेर से चुंगी चौकी,एमजीएसयू,नाल,मावडिय़ा माताजी,कोड़मदेसर चौराहा होते हुए भक्त बाबा के दर्शन करेंगे। जहां पर जगह-जगह पर सेवादारों द्वारा चाय,नाश्ता,भोजन की व्यवस्था होगी।


वहीं शीशा भैरूनाथ के लिए भी आज से पदयात्री रवाना होंगे। बीकानेर से 45 किमी दूर कोलायत तहसील के सीसां गांव में पारीक समाज के प्रतिष्ठित मंदिर श्री सीसां भैरव में यह मेला लगता है। सीसा गांव स्थित भैरव मंदिर के प्रांगण में सोमवार 16 सितम्बर को मेला भरेगा। रविवार को बीकानेर शहर के पारीक चौक, जस्सूसर गेट, पाबूबारी, गोगागेट, व शहर के अन्य अलग-अलग हिस्सों से तथा ग्रामीण क्षेत्रों से पैदल यात्रियों के जत्थे रवाना होकर सीसां गांव पहुंचेंगे।
पैदल यात्रियों के लिए रास्ते में करमीसर, बच्छासर, कोलासर और अक्कासर में चाय, दूध, कॉफी, नाश्ता, दवाई यादि की निशुल्क व्यवस्था विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा की जाएगी। 16 सितंबर को भरे जाने वाले मेले में बीकानेर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से अपने-अपने वाहनों एवं ऊंट गाड़ों से भैरव भक्त पहुंचेंगे। पारीक चौक और जस्सूसर गेट क्षेत्र से बसों की व्यवस्था भी की गई है।



