राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। एक्सप्रेस वे पर चलती कार में आग लग जाने से पांच लोगों के जिंदा जल जाने की खबर सामने आयी है। हादसा अलवर जिले के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ। जहां पर बुधवार रात को दिल्ली से कोटा की और जा रही कार में अचानक आग लग गयी। आग लगने के कुछ ही मिनटों में कार से आग की लपटें दिखाई देने लगी। चलती कार में आग लगने से 5 लोग जिंदा जल गए और कार चालक गम्भीर रुप से झुलस गया।

गंभीर घायल को उपचार के लिए अलवर के जिला अस्पताल रैफर किया गया है। कार में सवार लोगों को सम्भलने का मौका ही नही मिला और पूरी कार चंद मिनटों में आग का गोला बन गई। हादसे में कार सवार एमपी के श्योपुर निवासी तीन महिला, एक बच्ची व एक पुरुष सहित पांच जने जिंदा जल गए। वहीं, कार चालक एमपी के श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर ने बड़ी मुश्किल से कार से कूद कर अपनी जान बचाई। हादसें में कार चालक विनोद कुमार मेहर 80 प्रतिशत झुलस गया।



