राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। टोल प्लाजा में वसूली को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद कल सोमवार को बवाल हो गया। खबर श्रीगंगानगर मेंं पदमपर स्टेट हाईवे 18 बीबी टोल प्लाजा से जुड़ी है। जहां पर बीते दिनों टोल प्लाजा को लेकर बवाल हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंचा। कोर्ट ने टोल प्लाजा को लेकर सरकार को पैसे देने या फिर टोल प्लाजा द्वारा वसूल करने की टिप्पणी की गयी।

जिसके बाद 13 अप्रैल को टोल प्लाजा को शुरू कर दिया। जैसे ही इसकी सूचना मिली तो दोपहर 12 बजे श्रीकरणपुर कांग्रेस विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल वसूली का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए। इसी दौरान पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने कुछ लोगों को गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन वापस छोड़ दिया। तनाव की स्थिति को देखते हुए एडीएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस मौके पर तैनात है।
हालांकि विधायक कुन्नर समर्थकों के साथ धरने पर डटे रहे। रात करीब साढ़े 9 बजे पुलिस ने विधायक और धरने पर बैठे उनके समर्थकों को हिरासत में लिया। विधायक ने मौके पर टोल वसूली कर रहे कर्मचारी को पकड़कर बाहर निकाल दिया। पुलिस ने टोल पर बैठे 5-6 लोगों को हटाया और वहां बिछाए गए गद्दे भी हटवा दिए। इसके बावजूद विधायक धरने पर डटे रहे और प्रशासन उनसे समझाइश करता रहा।
इस पूरे मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से पदमपुर थाने में 8-9 अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।




