IranWar राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले लगातार पांचवे दिन भी जारी है। वहीं दूसरी और ईरान भी अमेरिका,इजराइल के साथ-साथ मिडिल इस्ट के कई देशों में बने अमेरिका एयरबेस पर लगातार मिसाइल दाग रहा है। इरान का दावा है कि कई खाड़ी देशों में बने अमेरिका के कई बेस को उसके हथियारों ने तबाह कर दिया है।


ईरान जंग के पांचवे दिन पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुन लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 88 मौलवियों वाली एक्सपर्ट्स असेंबली ने उन्हें चुना है। वहीं, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि अगर अली खामेनेई के बाद ईरान में जो भी नया नेता बनेगा उसे भी खत्म कर दिया जाएगा। काट्ज ने यह भी कहा कि नाम या जगह से कोई फर्क नहीं पड़ता, इजराइल उसे ढूंढ लेगा।
इस बीच मानवाधिकार कार्यालय ने ईरान में एक लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले की जांच कराने की मांग की है। इस हमले में 150 छात्राओं की मौत हुई थी। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि उसके मुताबिक इस हमले के लिए कौन जिम्मेदार है।
ईरान के 17 जहाज तबाह कर दिए गए, जिनमें एक पनडुब्बी भी शामिल है। इस ऑपरेशन में 50,000 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक शामिल हैं। करीब 200 फाइटर जेट, दो एयरक्राफ्ट कैरियर और बम गिराने वाले विमान शामिल हैं। ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइलें और ड्रोन को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिका ने इस जंग को एपिक फ्यूरी नाम दिया है। इसका मतलब भयंकर गुस्सा होता है।
ईरान के इस्फहान प्रांत में आज सुबह हुए हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई। यह खबर तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दी है। ये लोग नजफाबाद, फरेयदान, मोबारेकेह, अरान-ओ-बीदगोल, काशान और शहरजा इलाकों में मारे गए। फरेयदान में 15 घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
वहीं, कुवैत की सेना ने कहा है कि उसके एयरस्पेस में मिसाइल और ड्रोन देखे गए हैं और सेना उनसे निपटने की कोशिश कर रही है।
ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुई ये जंग कई देशों में फैलती हुई नजर आ रही है। लगातार एक-दूसरे पर पलटवार और बड़े दावे किए जा रहे हैं।



