Accident News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। लोक परिवहन बस के ट्रक से भिड़ जाने की खबर सामने आयी है। घटना नागौर के डेह रोड़ पर हरिमा के नजदीक पेट्रोप पंप के पास की है। जहां पर ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान एक लोक परिवहन बस और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गयी। इस दर्दनाक हादसे में कुल 26 लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और एम्बुलेंस व पुलिस को सूचित किया।


हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 14 घायलों को तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायल यात्रियों को उपचार के लिए पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जेएलएन अस्पताल लाए गए घायलों में से दो की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, लोक परिवहन की बस सुजानगढ़ से नागौर की तरफ आ रही थी, जबकि ट्रक नागौर से सुजानगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भारी भीड़ जमा हो गई।


