Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। राजस्थान में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो जाने की खबर सामने आयी है। जिसमें चार दोस्तों की मौत हो गयी। घटना उदयपुर से जुड़ी है। जहां पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे सवीना इलाके में नेला तालाब के पास पुराने अहमदाबाद बाइपास पर भीषण हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार उदयपुर में दो कारों की टक्कर में 4 दोस्तों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।


दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। गाडिय़ों में युवक बुरी तरह फंस गए थे। गेट तोड़-तोड़कर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार एक कार उदयपुर नंबर और दूसरी कार गुजरात नंबर की थी। उदयपुर नंबर की कार में सवार मुर्शीद नगर, सवीना निवासी मोहम्मद अयान, आदिल, शेर मोहम्मद, गुलाम ख्वाजा की मौत हो गई।
इनके साथी वसीम और मोहम्मद कैफ गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर चाय पीने के लिए सभी दोस्त आज सुबह कार में सवार होकर निकले थे। रोड से बाहर निकलते ही बाइपास पर आ रही गुजरात नंबर की कार से टक्कर हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों कारों को सवीना थाने के बाहर रखवाया है।



