Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। गैंगवार में एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो की मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना झुझुनूं जिले के खिरोड़ की कैमरी की ढ़ाणी की हे। जहां पर शुक्रवार को हुई गैंगवार दो की मौत हो गयी। मरने वालों में ढाका की ढाणी निवासी सुनील सुंडा और सीकर के राणोली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी शामिल है। पुलिस के अनुसार वारदात आपसी रंजिश में हुई।


घटना के समय गोठड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा, कैमरी की ढाणी स्थित अपने घर के बाहर कार में बैठा था। उसके साथ कार में सुनील सुंडा भी मौजूद था। तभी बिना नंबर की कार में सवार होकर चार बदमाश वहां आए और रविंद्र पर फायर कर दिया। रविंद्र झुककर किसी तरह बच गया, लेकिन हमलावर भागने लगे। भागते बदमाशों की गाड़ी का स्टीयरिंग सुनील ने पकड़ लिया, इसी दौरान बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया और मौके से भाग निकले। सुंडा की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।
फायरिंग के बाद बदमाशों की कार करीब दो किलोमीटर आगे कच्चे रास्ते में फंस गई। वहां से तीन बदमाश पैदल ही एक तरफ भागे। ग्रामीणों और रविंद्र कटेवा के साथियों ने पीछा किया और रणवां की ढाणी के एक खेत में उन्हें घेर लिया। इनमें से दो युवकों की ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। तीसरे बदमाश हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी का शव पुलिस को खेत में पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। उसने खुद को गोली मारी या गैंगवार में उसको गोली लगी, इसकी पुलिस जांच कर रही है।



