Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। शादी के दौरान घर में कोई व्यक्ति नहीं होने का हवाला देकर पांच दिन की अंतरिम जमानत लेने वाला गैंगस्टर रोहित गोदारा के सहयोगी के फरार हो जाने की खबर सामने आयी है। पुलिस दीपेन्द्र उर्फ सागर की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


पुलिस के अनुसार गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के सहयोगी दीपेंद्र उर्फ सागर निवासी अजीतगढ़ सीकर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। दीपेंद्र उर्फ सागर की जानकारी देने पर 25 हजार रुपए कैश इनाम घोषित किया गया है। दीपेंद्र उर्फ सागर 30 नवम्बर को पांच दिन की अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसे 4 दिसंबर (गुरुवार) शाम 5 बजे तक जेल में आना था। उसके वापस नहीं आने पर अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल अधीक्षक ने कोर्ट को इसकी रिपोर्ट भेजी। इसके बाद सिक्योरिटी एजेंसियों ने राजस्थान सहित कई राज्यों में छापेमारी शुरू कर दी।
सागर दो मर्डर मामलों में वांछित है। साल-2019 में उसने हरमाड़ा में महावीर मीणा की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में वह दो साल बाद जमानत मिलने पर बाहर आया। जेल से बाहर आते ही उसने साल-2022 में करधनी में बिजेन्द्र गुलाबबाड़ी की हत्या कर दी थी। जेल में तीन साल से बंद होने के बाद उसे जमानत दी गई थी।



