Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीडीए ने बीकानेर शहर में चार नई कॉलोनियों की राह आसान कर दी है। जिससे लोगों के मकान का सपना पूरा हो सकेगा। इन कॉलोनियों में सस्ते दामों पर प्लॉट मिलेंगे। इसके साथ ही, बीकानेर विकास प्राधिकरण ने जोन विभाजन के बाद नए कर्मचारियों की भर्ती, प्लॉट आवंटन नियमों और विकास योजनाओं से जुड़े अहम निर्णय भी लिए।


बीकानेर विकास प्राधिकरण शहर के 4 ओर नई कॉलोनियां बसाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए नाल के पास, बीछवाल, जोड़बीड़ विस्तार और गंगाशहर रोड पर कॉलोनी विकसित करने के प्रस्ताव पर शुक्रवार को हुई बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। प्राधिकरण की योजना है कि राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद इन जगहों पर आवासीय परियोजनाएं शुरू की जाएं।
वर्तमान में गंगाशहर रोड पर कई प्राइवेट कॉलोनियां विकसित हो रही हैं, लेकिन उनकी कीमतें आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं। नई सरकारी योजनाओं से इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
बीकानेर विकास प्राधिकरण क्षेत्राधिकार को 4 जोन में विभाजित किया गया है। इस बदली हुई संरचना के बाद प्रशासनिक कार्यों को तेज़ और व्यवस्थित करने के लिए नए पदों के सृजन का प्रस्ताव बैठक में रखा गया। अधिकारियों का मानना है कि इससे क्षेत्रवार काम तेजी से और व्यवस्थित तरीके से पूरा होगा।



