राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नवरात्र महापर्व के अंतिम दिन नवमी को कस्बे के मुख्य बाजार स्थित श्री तोलियासर भेरूनाथ मंदिर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन किया गया। परंपरागत विधि-विधान से मंदिर पुजारी लालचंद नाई ने 108 कन्याओं का चरण पखारकर पूजन कराया और उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया गया। इस सम्बंध में विनोद दाधीच ने बताया कि मंदिर परिसर भक्ति भाव और माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया और नवरात्र महोत्सव के सफल समापन की मंगल कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के नवल दईया, मनोज स्वामी, निर्मल आसोपा, मीनू आसोपा, अंजनी ओझा, ओम प्रकाश माली सहित महिलाओं का विशेष योगदान रहा। कन्या पूजन के उपरांत मंदिर प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।





