नए सिरे होगी नियुक्तियां,काम नहीं करने वाले नेताओं को किया जाएगा पदमुक्त-Rajasthan News

Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। कांग्रेस में संगठन को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। गुजरात और मध्यप्रदेश से शुरू किया गया संगठन सृजन अभियान जल्द ही हर राज्य में लागू करने की तैयारी की जा रही है। गुजरात-एमपी की तर्ज पर राजस्थान में भी संगठन में नए सिरे से नियुक्तियां होनी हैं। इसमें काम नहीं करने वाले नेताओं के पद जाना तय माना जा रहा है। राहुल गांधी की टीम इस पर काम कर रही है।

 

राहुल गांधी नए मॉडल पर हर राज्य में संगठन तैयार करने के गुजरात-एमपी पैटर्न लागू करने की घोषणा कर चुके हैं। राहुल गांधी की घोषणा के बाद अब राजस्थान में इसी साल काम शुरू करने की तैयारी है। इस मॉडल के तहत जिला, ब्लॉक, मंडल और पंचायत लेवल तक संगठन में नए सिरे से नियुक्तियां की जाएंगी।
देश भर में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से तैयार करने के लिए जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष से लेकर जिला,ब्लॉक और मंडल की कार्यकारिणी में नए सिरे से फील्ड में काम करने वाले नेताओं को मौका दिया जाएगा।

 

राहुल गांधी की टीम पूरी नियुक्ति प्रक्रिया पर नजर रखेगी। नेताओं को जिला, ब्लॉक वार जिम्मेदारियां देकर ग्रास रूट पर काम करने वाले पदाधिकारी बनाने का टास्क दिया जाएगा। ये नेता हर जगह जाकर बैठकें कर योग्य नेताओं के नाम आगे भेजेंगे। इसके बाद संगठन में नियुक्तियां होंगी।
राजस्थान कांग्रेस में जिला, ब्लॉक और ज्यादातर मंडलों में नियुक्तियां हो चुकी हैं। अब नए सिरे से नियुक्तियां होने पर पुराने जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी में पद लेकर बैठे नेताओं का हटना तय है।

 

अगर फीडबैक उनके पक्ष में जाता है तो उनकी फिर से नियुक्ति होने के आसार हैं, लेकिन निष्क्रिय पदाधिकारियों के पद जाना तय है। राहुल गांधी की टीम और संगठन सृजन अभियान में लगाए गए कोऑर्डिनेटर हर ब्लॉक में जाकर नेताओं के बारे में राय लेंगे। अगर कार्यकर्ताओं के बीच नेता फेल हुए तो नए मॉडल में पद नहीं मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!