baba kirodi राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बेबाक बयानों से पहचाने जाने वाले बाबा किरोड़ी ने एक बार अपने अंदाज में बयान दिया है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने पर्ची बयान पर कहा- ये तो पुरानी बात हो गई, आई गई बात को क्यों कुरेदते हो। सरकार से कोई नाराजगी नहीं थी और अब दिल्ली हाईकमान के निर्देश पर पिछले 5-6 दिनों से सक्रिय हुआ हूं।
कृषि मंत्री मीणा ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में सीट हारने पर नैतिकता के नाते मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसलिए काम नहीं कर पाया। अब नेतृत्व से आदेश मिला है काम करो। जो 9 महीने में नुकसान हुआ है, उसकी जल्द से जल्द भरपाई करेंगे।
इससे एक दिन पहले 30 मार्च को सवाई माधोपुर में उन्होंने कहा था- ऐसी कोई ताकत नहीं बची थी, जिसने मुझको चुनाव हराने की कोशिश नहीं की। घर के भी, बाहर के भी… बाद में पर्ची में हो गया, तो हम भी क्या करते? उन्होंने यह भी कहा था कि जब-जब सवाई माधोपुर से जीते, तभी मंत्री बने।
सोमवार को वे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के भतीजे की मौत पर संवेदना व्यक्त करने कोटा आए थे। मीडिया ने जब मंत्री से फोन टैपिंग से जुड़ा सवाल पूछा तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।





