Bikaner News राजस्थान न्यूज,बीकानेर। पुराने शहर में एक बार फिर एक मकान की दीवार गिर जाने की खबर सामने आयी है। घटना रताणी व्यासों के चौक की है। जहां पर अचानक एक पुराने मकान की दीवार गिर गयी। जिसके चलते एकबारगी हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति चपेट में नहीं आया। काफी समय से जर्जर इस मकान की दीवार के गिरने की आशंका पहले से ही बनी हुई थी।
शहर के मोहता चौक से नत्थूसर गेट की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के बीच रत्ताणी व्यासों के चौक में बने इस मकान की एक दीवार ढह गई है। दीवार के पास ही दो साइकिल खड़ी थी, जो दीवार के मलबे में दब गई। दीवार का काफी मलबा सड़क पर भी आ गया। जिससे रास्ता बाधित हो गया।
बीकानेर में अनेक ऐसे मकान है जो कि जर्जर हालात में है और कभी ध्वस्त हो सकते है। नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे शुरू किया है और इन मकानों को चिन्हित किया है। अब तक किसी मकान को गिराने का काम निगम ने अपने स्तर पर नहीं किया है। वहीं 31 जुलाई को तेज बारिश की आशंका के बीच हादसे का भय बना हुआ है।