Rajasthan Weather राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नए साल की शुरूआत बारिश के साथ होने की आंशका है। ऐसे में प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने राज्य में आज (सोमवार) और कल (मंगलवार) मौसम इसी तरह रहने का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में बादल छा सकते हैं।


साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या मावठ होने की संभावना है। इस दौरान 31 दिसंबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों में बादल छा सकते हैं। 1 जनवरी को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और अलवर में बादल छाने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।


