Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। प्रदेश में प्राइवेट कंपनी ने पेट्रोल,डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। राजस्थान में प्राइवेट कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की दरें बढ़ा दी हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई रेट गुरुवार सुबह से प्रदेशभर में लागू कर दी गई। कंपनी के इस फैसले के बाद नायरा के फ्यूल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भरवाने वाले वाहन ड्राइवरों को अब पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।


प्रदेश में नायरा के लगभग 900 से अधिक फ्यूल पंप संचालित है, जबकि देशभर में कंपनी के 6700 से ज्यादा पेट्रोल पंप है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। खासकर ट्रांसपोर्ट सेक्टर, टैक्सी-ऑटो ड्राइवरों और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की जेब पर इसका अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ऑपरेटिंग लागत में वृद्धि जैसे कारण माने जा रहे हैं। हालांकि कंपनी की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत कारणों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।



