Rajasthan News
राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार किया और पकाकर खाने की थी तैयार लेकिन पहुंच गई पुलिस
राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर उसे पकाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेता सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है। घटना उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र की है। जहां पर राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीलख गांव में कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष अपने हिस्ट्रीशीटर साथी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मोर का शिकार कर नॉनवेज पार्टी की तैयारी कर रहे थे।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना के अनुसार बीलख गांव के एक खेत में मोर का शिकार कर उसका मांस पकाया जा रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रूपलाल के खेत में बने कमरे में तीन लोग मोर का मांस पकाने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से रूपलाल के साथ हिस्ट्रीशीटर अर्जुन और उसके साथी राकेश को गिरफ्तार कर लिया। मौके से मोर के पंख और अधजला सिर बरामद हुआ, जिसके बाद वन विभाग की टीम को बुलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने जांच के बाद मोर के शिकार की पुष्टि की। मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने नॉनवेज पार्टी के उद्देश्य से मोर का शिकार किया था।



