National News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। ओडिया संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का रविवार को कार्डिएक अरेस्ट आने के बाद निधन हो गया। वो भुवनेश्वर के अस्पताल में एडमिट थे। उन्होंने तीन दशक से ज्यादा समय तक संगीत की दुनिया में काम किया और 700 से ज्यादा गानों को कंपोज किया था।


रिपोर्ट के मुताबिक, मजूमदार को रविवार सुबह 7:43 बजे कार्डिएक अरेस्ट आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
54 साल के मजूमदार को पिछले साल 4 सितंबर को हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉयड की बीमारी और लिवर की समस्या के कारण भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। लंबे समय तक आईसीयू में इलाज चलने के बाद उन्हें 10 नवंबर को सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया था।
अस्पताल के प्रशासन के मुताबिक, 23 जनवरी को उन्हें अचानक तेज बुखार आया, जो बाद में इन्फेक्शन में बदल गया। इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सेप्टिक शॉक हो गया।
परिवार के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर कटक ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया।


