Bikaner News नाबालिग का शव मिलने का मामला
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। कोलायत क्षेत्र में हुई दर्दनाक घटना के बाद चल रहे धरना स्थल पर आज पूर्व मंत्री एवं जननेता देवीसिंह भाटी पहुँचे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।


भाटी ने पीडि़त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में समाज और प्रशासन दोनों को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने पीडि़त परिवार को हर संभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया तथा व्यक्तिगत रूप से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध केवल कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं। कानून अपना कार्य करेगा, लेकिन समाज का नियंत्रण और जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भाटी ने समाज से आह्वान किया कि इस प्रकार की घिनौनी हरकत करने वाले लोगों का पूर्ण सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी के सम्मान और सुरक्षा से बड़ा कोई विषय नहीं है और न्याय की इस लड़ाई में वे जनता व पीडि़त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।


